ड्रैगन फ्रूट कम पानी में देता अधिक लाभ : प्राचार्य

पोठिया प्रखंड के डॉ कलाम कृषि महाविद्यालय अर्राबाड़ी में आत्मा द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को शुभारंभ किया गया

पहाड़कट्टा पोठिया प्रखंड के डॉ कलाम कृषि महाविद्यालय अर्राबाड़ी में आत्मा द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को शुभारंभ किया गया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 30 जनवरी तक किया जा रहा है. जिसका उद्देश्य किसानों को ड्रैगन फ्रूट की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि करना है. कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सत्यनारायण एवं डॉ संजय सहाय नोडल अधिकारी द्वारा दीप प्रज्जवलित कर संयुक्त रूप से किया गया. उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि ड्रैगन फ्रूट भविष्य की एक महत्वपूर्ण फल-फसल है, जो कम पानी में अधिक लाभ देने की क्षमता रखती है. वहीं नोडल अधिकारी डॉ संजय सहाय एवं डॉ स्वराज कुमार दत्ता ने किसानों को नई तकनीकों को अपनाने और व्यावसायिक खेती की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भागलपुर जिले से लगभग 30 किसान तीन दिनों की प्रशिक्षण अवधि के लिए भाग ले रहे हैं. प्रशिक्षण के दौरान किसानों को ड्रैगन फ्रूट की खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है, जिनमें उन्नत किस्मों का चयन, पौध तैयार करने की विधि, रोपण तकनीक, ट्रेलिस सिस्टम, पोषण एवं सिंचाई प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण प्रमुख है. कृषि वैज्ञानिकों द्वारा संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती की संभावनाओं तथा एकीकृत रोग-कीट प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है. साथ ही किसानों को यह भी बताया गया कि उचित तकनीक अपनाकर ड्रैगन फ्रूट की खेती से प्रति एकड़ बेहतर उत्पादन और अधिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है. प्रशिक्षण कार्यक्रम में कटाई के बाद प्रबंधन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन से संबंधित जानकारियाँ भी दी जा रही हैं, ताकि किसान अपने उत्पाद को बाजार में बेहतर मूल्य पर बेच सकें. विशेषज्ञों ने बताया कि ड्रैगन फ्रूट की मांग देश-विदेश में लगातार बढ़ रही है, जिससे यह फसल किसानों के लिए एक लाभकारी विकल्प बनती जा रही है. किसानों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें आधुनिक और व्यावसायिक खेती की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं. कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी किसानों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DHIRAJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >