आइसीडीएस डीपीओ अनीता कुमारी 50 हजार लेते निगरानी के हत्थे चढ़ी

आइसीडीएस की प्रभारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अनीता कुमारी-टू को विशेष निगरानी इकाई की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया

किशनगंज आइसीडीएस की प्रभारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अनीता कुमारी-टू को विशेष निगरानी इकाई की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह की गयी. इससे जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया. कोचाधामन प्रखंड के सीडीपीओ (पोठिया प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार) नागेंद्र कुमार नालंदा जिला निवासी ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी. आरोप था कि डीपीओ ने कार्रवाई से बचाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद विशेष इकाई निगरानी टीम ने मामले का सत्यापन करवाया. सत्यापन के बाद 18 फरवरी को निगरानी थाने में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी. शुक्रवार को विशेष निगरानी इकाई की आठ सदस्यीय टीम ने प्रभारी डीपीओ अनिता कुमारी-टू को उनके डुमरिया भट्ठा रोड स्थित किराये के आवास से रंगे हाथों 50 हजार घूस लेते गिरफ्तार कर लिया. टीम ने प्रभारी डीपीओ के आवास से छह लाख 50 हजार 390 रुपये कैश भी बरामद किया है.

गिरफ्तारी के बाद क्या हुआ

रिश्वत लेते ही मौके पर ही हिरासत में लिया गया. भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा-7 के तहत केस दर्ज किया गया है. आरोपित को निगरानी कोर्ट, पटना में पेश करने की प्रक्रिया चल रही थी. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच हो रही है. इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में खलबली मच गयी है. आम लोगों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है. गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और आरोपित पदाधिकारी को अपने साथ पटना ले गयी. वहां विशेष निगरानी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चा का माहौल गर्म है.

कहते हैं अपर पुलिस महानिदेशक

विशेष निगरानी इकाई पटना के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दराद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रभारी डीपीओ अनीता कुमारी-टू ठाकुरगंज के विरुद्ध सीडीपीओ नागेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज करवायी थी. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी थाने में कांड दर्ज कर प्रभारी डीपीओ को 50 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANIMESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >