बनगामा सहयोग शिविर में डीएम-प्रभारी एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

किशनगंज में जिला प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर पहल तेज कर दी है. बनगामा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में डीएम और एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट.

किशनगंज. आमजन की समस्याओं का समाधान अब सरकारी कार्यालयों के बजाय पंचायत स्तर पर सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. इसी क्रम में बहादुरगंज प्रखंड की बनगामा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए.

विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का हुआ पंजीकरण

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि, प्रमाण-पत्र, पेंशन, राशन, आवास, पेयजल, बिजली एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन दिए. प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को तत्काल भेजते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई शुरू कराई गई.

समयबद्ध और पारदर्शी समाधान पर दिया जोर

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है. उन्होंने लोगों से निर्धारित पोर्टल के माध्यम से आवेदन दर्ज कराने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए. सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन कर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से मुक्ति दिलाकर सेवाएं गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचाना है.

पुलिस मामलों के त्वरित निष्पादन का भरोसा

प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने भी शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं पुलिस से जुड़े मामलों में शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाएगी.

सहयोग शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी और मौके पर ही समस्याओं के समाधान की पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला. लोगों ने उम्मीद जताई कि इस व्यवस्था के नियमित संचालन से पंचायत स्तर पर ही अधिकांश जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >