लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने का डीएम ने दिया निर्देश

जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री के संभावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम के निमित्त समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई

मुख्यमंत्री के संभावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित

किशनगंज

जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री के संभावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम के निमित्त समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई. बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित जिला भ्रमण को लेकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रस्तावित उद्घाटन एवं शिलान्यास की विस्तृत समीक्षा की गई. जिला पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा मार्च माह के प्रथम अथवा द्वितीय सप्ताह में हो सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि लंबित योजनाओं के कार्य फरवरी माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए. बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री की संभावित समृद्धि यात्रा के दौरान प्रस्तावित विभिन्न लोकेशन हेतु वरीय पदाधिकारियों को नामित किया गया तथा उन्हें अपने-अपने लोकेशन पर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया. इस क्रम में ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत चूरली ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण, विभागीय बैठक, मेडिकल कॉलेज स्थापना से संबंधित डेमो, ठाकुरगंज बाईपास रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक में उच्च शिक्षा हेतु महिलाओं को प्रोत्साहन, हर खेत तक सिंचाई का पानी, कृषि फीडर का निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संवत योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, सुलभ संपर्कता योजना के अंतर्गत ग्रामीण पथों की संपर्कता, हर घर नल का जल सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.

जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की संभावित समृद्धि यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियों से भली-भांति अवगत रहें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो. बैठक में अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण), उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, वरीय कोषागार पदाधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DHIRAJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >