डीएम विशाल राज ने कालाबाजारी पर दी चेतावनी, किसी भी समस्या के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
किशनगंज. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिला अंतर्गत एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है. जिले में आपूर्ति की स्थिति सामान्य है. जिले में एलपीजी सिलिंडर का स्टॉक 8535 से अधिक है. गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू रूप से चालू हो गयी है, जिससे लाभुकों को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है. वे अपने घर से ही आसानी से बुकिंग कर सकते हैं. उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से पूर्व की भांति दो से तीन दिनों में सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा.शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के उपरांत व ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के उपरांत पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गयी है. उन्होंने बताया कि कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने हेतु धावा दल द्वारा नियमित रूप छापामारी भी की जा रही है. ऐसी किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. आमजन की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन दो पालियों में प्रातः सात बजे से रात्रि नौ बजे तक संचालित हो रहा है.
जिले का कंट्रोल रूम दूरभाष संख्या 06456-225152 है. एलपीजी से संबंधित आज कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसका निष्पादन ससमय करा दिया गया है. जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गयी है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें.