किशनगंज : 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ‘ई’ कंपनी कडोमनीजोत ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 20.175 किलोग्राम गांजा के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं. उनके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किये गये हैं.
संदिग्ध गतिविधि देख शुरू की तलाशी
एसएसबी के अनुसार, विशेष नाका दल सीमा स्तंभ संख्या 95/05 से करीब चार किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-327 स्थित पीडब्ल्यूडी मोड़ के पास जांच कर रहा था. इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रहे चार लोगों को रोककर उनके सामान की तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान 20.175 किलोग्राम गांजा और चार मोबाइल फोन बरामद हुए.
उत्तर दिनाजपुर से कूचबिहार तक के लोग गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 62 वर्षीय साबेरुल, 47 वर्षीय बसीर एसके, दोनों इस्लामपुर, उत्तर दिनाजपुर निवासी, 30 वर्षीय प्रशांत विश्वास, कूचबिहार निवासी और 44 वर्षीय मंजू महंता, खोरीबाड़ी, दार्जिलिंग निवासी के रूप में हुई है.
बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार
पूछताछ में आरोपितों ने गांजा बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की. एसएसबी के अनुसार, चारों एक गिरोह के सदस्य हैं और कूचबिहार से भालुगारा-इस्लामपुर की ओर जा रहे थे. पूछताछ में गांजा कूचबिहार निवासी शिव चरण विश्वास से प्राप्त करने की जानकारी सामने आयी है.
कार्रवाई के बाद एसएसबी ने चारों आरोपितों, बरामद गांजा और चार मोबाइल फोन को खोरीबाड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
