रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

किशनगंज. जिले में इन दिनों रसोई गैस को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका व ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आने लगी हैं. कुछ लोग स्थिति का फायदा उठाकर घरेलू गैस सिलेंडर को अधिक कीमत पर बेचने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गयी है. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया और आपसी बातचीत के जरिए यह अफवाह फैल रही है कि अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और रसोई गैस की कमी हो जाएगी. इसी आशंका के कारण कई उपभोक्ता समय से पहले गैस सिलेंडर बुक करा रहे हैं या अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं.इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ बिचौलिए और दुकानदार अधिक कीमत वसूलने का प्रयास कर रहे हैं. कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति अपेक्षाकृत अधिक खराब बतायी जा रही है, जहां सप्लाई अनियमित हो गयी है. हालांकि आधिकारिक स्तर पर गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी की पुष्टि नहीं की गयी है. इसके बावजूद अफवाहों के कारण बाजार में अस्थिरता का माहौल बन गया है. जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को लेकर बिना पुष्टि के फैल रही खबरों से लोगों को भ्रमित नहीं होना चाहिए. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की नियमित जांच करायी जाए और सही जानकारी लोगों तक पहुंचायी जाए, ताकि अफवाहों पर रोक लगे और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >