समृद्धि यात्रा में किशनगंज को बड़ी सौगात, 235 करोड़ की 122 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन आज

समृद्धि यात्रा के तहत आज ठाकुरगंज पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

समृद्धि यात्रा के तहत आज ठाकुरगंज पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

ठाकुरगंज. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के तहत बुधवार को ठाकुरगंज आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है. जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जिले में कुल 235 करोड़ रुपये की लागत से 122 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इनमें 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास व 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन किया जायेगा. इन योजनाओं में सड़क, भवन निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न आधारभूत योजनाएं शामिल हैं. कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर एक बजे एनएच 327ई के समीप स्थित कृषि फार्म में उतरेगा. वहां से उनका काफिला निर्माणाधीन ठाकुरगंज बाइपास का निरीक्षण करने जायेगा. इसके बाद पावर ग्रिड परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेंगे और फिर कृषि फार्म परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी हैं. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गयी है. जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं. समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा स्थानीय लोगों से संवाद कर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति की जानकारी भी लेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और लोगों को उम्मीद है कि इस यात्रा से क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी. मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम अमरेंद्र कुमार पंकज, एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह, बीडीओ अहमर अब्दाली, सीओ मृत्युंजय कुमार, बीपीआरओ अजीत कुमार तथा बीएओ अनुज कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. वहीं उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा व विजय चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा स्थानीय जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >