दो किमी दूर आमबाड़ी घाट पर तैरता मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
पहाड़कट्टा. थाना क्षेत्र के रतुआ फुलहरा गांव से करीब दो किलोमीटर दूर डोंक नदी में मंगलवार की तड़के सुबह एक लापता बालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जहांगीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित फुलहारा गांव निवासी 12 वर्षीय मो अलमास अपने दस साथियों के साथ गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित डोंक नदी घाट पर नहाने गया था. स्नान के दौरान नौ बच्चे तो नदी से बाहर आ गये, लेकिन मो अलमास नदी की बीच धार में चले जाने से लापता हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पहाड़कट्टा थाना के थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे व स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को सूचना देकर फुलहरा डोंक नदी घाट बुलाया गया. एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक नदी में खोजबीन करती रही, लेकिन लापता बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका. वार्ड सदस्य मो नौशाद ने बताया कि मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ टीम के आने से पहले ग्रामीणों ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर आमबाड़ी घाट के पास बालक का शव नदी में बहते हुए देखा. इसके बाद लोगों ने शव को नदी से बाहर निकाला. बालक का शव बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार की दोपहर घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया था. देर शाम तक खोजबीन की गयी, लेकिन बालक का पता नहीं चल सका. मंगलवार की सुबह करीब छह बजे बालक का शव पानी के ऊपर तैरता हुआ देखा गया, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाला. परिजनों के आग्रह पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है.