ऐतिहासिक हरगौरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक

ऐतिहासिक हरगौरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम. चांदी के आभूषणों व फूलों से हुआ बाबा का भव्य श्रृंगार

ठाकुरगंज. महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को ठाकुरगंज प्रखंड के तमाम शिव मंदिरों व शिवालयों में श्रद्धा व भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. विशेष रूप से क्षेत्र के ऐतिहासिक हरगौरी मंदिर में सुबह से ही शिव भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना की.

हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा परिसर

प्राचीन हरगौरी मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गयी. श्रद्धालु ”हर-हर महादेव” व ”बम-बम भोले” के जयघोष के साथ शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र व धतूरा अर्पित कर रहे थे. महिलाओं व युवतियों ने सुख-समृद्धि की कामना को लेकर दिनभर उपवास रखा और विधि-विधान से पूजा की. शाम के समय बाबा भोलेनाथ का चांदी के आभूषणों और सुगंधित पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी.

प्रशासनिक मुस्तैदी व सुरक्षा व्यवस्था

भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन व मंदिर प्रबंधन समिति पूरी तरह मुस्तैद दिखी. थाना प्रभारी मकसूद आलम अशरफी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, ताकि व्यवस्था बनी रहे. प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी मंदिर पहुंचकर मत्था टेका व जलाभिषेक किया. उमड़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी के सदस्यों के पसीने छूटते नजर आए, हालांकि पुलिस और वॉलिंटियर्स के सहयोग से स्थिति नियंत्रण में रही. शांति व्यवस्था बनाए रखने व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवकी अग्रवाल, निरंजन मोर, राजेश करनानी, बिजली सिंह, गोपाल केजड़ीवाल, सिपाही यादव, अमित सिन्हा व राजीव झा सहित मंदिर कमेटी के अनेक सदस्य दिनभर सक्रिय रहे. कई पदाधिकारी मंदिर परिसर में ही कैंप करते दिखे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >