नोटबंदी . सीएसपी संचालक पर राशि देने में लगाया मनमानी का आरोप
फारबिसगंज : प्रखंड के बथनाहा हाट चौक के समीप अवस्थित ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर मनमानी का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने मंगलवार को बथनाहा-वीरपुर मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर अपना विरोध जताया. ग्राहकों के आक्रोश के कारण उक्त मार्ग पर यातायात थोड़ी के लिए बाधित रहा. विरोध कर रहे सीएसपी ग्राहकों में रेणु देवी ने कहा कि घर के किसी बुजुर्ग सदस्य के निधन पर श्राद्ध कर्म के लिए सीएसपी से राशि निकासी के लिए बीते कई दिनों से सीएसपी का चक्कर लगा रहे हैं.
उन्होंने केंद्र संचालक पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जानबूझ कर राशि के भुगतान में बेवजह देरी का आरोप लगाया. विरोध कर रहे लोगों में सुगिया देवी, वीरेंद्र यादव, शायरा खातून, कृत्यानंद राम, मो इदरिस, रेणु देवी, सालो देवी, राजेश पासवान, कन्हैया पासवान, मीना देवी, बदामिया देवी, दिलीप पासवान व अन्य ने कहा कि नोट बंदी के बाद से संचालक का मनमाना रवैया कायम है. सीएसपी संचालक अपने ग्राहकों को हर दिन राशि नहीं होने की बात कर वापस लौटा देते हैं. सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को मार्ग से गुजर रहे एसएसबी जवानों ने शांत कराया.
