प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी नहीं मिली राशि, जांच की मांग

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी नहीं मिली राशि, जांच की मांग

राजमिस्त्री प्रशिक्षण योजना विवादों में, युवाओं ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप

ठाकुरगंज. विगत दिनों ठाकुरगंज में आयोजित राजमिस्त्री प्रशिक्षण योजना अब विवादों में घिर गयी है. प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि 10 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बावजूद उन्हें वादे के अनुसार सात हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया. जानकारी के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य सरकार की योजना के तहत आयोजित किया गया था. इसमें तकनीकी शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की सहभागिता बतायी जा रही है. योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया था.

प्रशिक्षणार्थियों में भारी असंतोष

प्रशिक्षण में शामिल युवाओं जयप्रकाश सिंह, मोहन कुमार सिंह, फुल सिंह, पवन कुमार सिंह, भुनेश्वर साह, जयकुमार सिंह, चन्द्र विकाश सिंह, धर्म चंद सिंह, अजित कुमार एवं मो. अब्बास आदि ने अपनी पीड़ा व्यक्त की है. उनका कहना है कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सात हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का स्पष्ट आश्वासन दिया गया था. प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद भी अब तक उनके बैंक खातों में राशि नहीं भेजी गयी है. कुछ प्रतिभागियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के बीच में ही प्रशिक्षण से बाहर कर दिया गया.

जांच व राशि भुगतान की मांग

इस मामले को लेकर प्रभावित युवाओं ने सामूहिक रूप से आवेदन देकर उच्चस्तरीय जांच और बकाया राशि के जल्द भुगतान की मांग की है. युवाओं का कहना है कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ बिचौलियों या तकनीकी कारणों से उन तक नहीं पहुंच पा रहा है.

दूसरी ओर, संबंधित अधिकारियों ने इन आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार संपन्न करायी गयी है. उनके अनुसार, केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को लाभ दिया जाएगा जो विभाग के तय मानकों और पात्रता को पूरी तरह सफल करते हैं. वर्तमान में यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >