समस्या. लगातार हो रही बारिश से बढ़ रहा नदी का जल स्तर, कई मुहल्ले जलमग्न
किशनगंज : भारी बारिश के कारण उफनाई रमजान नदी का पानी लोगों के घर में घुस गया है़ विगत कई दिनों से लगातार भारी वर्षा हो रही है. जिसके कारण रमजान नदी पहले ही उफनाई हुई है. बुधवार तड़के सुबह 2-3 बजे फिर शुरू हुई भारी बारिश के कारण रमजानदी के किनारे बसे मुहल्ले में भारी जल जमाव हो गया है़ कगजिया बस्ती, लाइन पाड़ा कजलामनी, गाडीवान मुहल्ला, चुड़ीपट्टी, पानी बाग, छेदी बागान, रूईधासा, रौलबाग, खगड़ा, जुलजुली आदि इलाके जो रमजान नदी से सटा है
पूरा पानी पानी हो गया़ खगड़ा रेलवे लाइन के आस पास बसे गरीबों की झोपड़ी डूब गयी है. वहीं शहर के रूईधासा हनुमान नगर, विवेकानंद कॉलनी, डांगीबस्ती, महिला कालेज रोड, धरमगंज, डुमरिया मुहल्ले की सड़क जलमग्न हो गयी. महिला कालेज में जलजमाव होने से पढ़ाई बाधित हो गयी है.
खगड़ा स्टेडियम बना शरणस्थली : जिला प्रशासन ने उन लोगों को राहत पहुंचाते हुए खगड़ा स्टेडियम में शरण दिया़ जिला पदाधिकारी पंकज दीक्षित ने खगड़ा स्टेडियम में अविलंब शिविर चालू करवा कर पीडि़त परिवारों के लिए रहने खाने की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है़ बुधवार से खगड़ा स्टेडियम में लगभग 200 लोग शरण लिये हुए है़
ड्रेनेज सिस्टम फेल सड़क पर जल जमाव : नगर क्षेत्र के नालों की स्थिति बद से बदतर हो गयी है़ नगर परिषद क्षेत्र के पुराने नालों में कचड़ा भरा पड़ा है़ समय पर सफाई नहीं होने के कारण इससे पानी की निकासी नहीं हो रही है़ वहीं कहीं नप क्षेत्र में बने नये नालों की स्थिति और भी बदतर है़ बिना किसी प्लानिंग के जैसे तैसे बनाये गये नालों से पानी की निकासी के बजाय नाला का गंदा पानी लोगों के घर में घुस जाता है़ पानी की सही निकासी नहीं होने के कारण धर्मशाला रोड, नेमचंद रोड, महावीर मार्ग, लौहारपट्टी, एनएच 31 के सर्विस रोड पर जल जमाव की समस्या हो जाती है़
शहर के दक्षिणी व पूरबी क्षेत्र के कई मुहल्ले में घुसा पानी : विगत दो दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश एवं शहर के बीचोबीच बहने वाली रमजान नदी का पानी शहर के निचले इलाकों में घुस गया है और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है़ डे मार्केट, नुनिया बस्ती, तेघरिया, धर्मगंज, दीलावरगंज, सहित कई मोहल्लों में बरसात का पानी लोगों के लिए आफत बन चुका है़ निचले इलाकों में रमजान नदी का पानी बढ़ने से वहां रहने वाले लोग विस्थापित होने की सोच रहे है़ स्थानीय निवासी मुबारक हुसैन ने बताया कि देर रात के बाद से मुहल्ले में पानी भर गया है़
सड़कों पर लबालब पानी है और आने जाने में काफी परेशानी हो रही है़ कई मुहल्ले ऐसे है जहां घरों के अंदर दो से तीन फीट पानी घुस गया है़ शहर के खगड़ा में सड़क किनारे बसे कई मुहल्ले में पानी घुस जाने के बाद कई लोग स्थानीय परिसदन में घुस गये जिन्हें बाद में सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया़ शहर की लाइफ लाइन माने जाने वाली रमजान नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है़ इसलिए इसके किनारे पर बसे कई मुहल्ले में पानी प्रवेश कर गया है़
लोगों के घरों आंगन में दो फीट तक पानी जमा है़ जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है़ स्थिति को देखते हुए शही अशफाक उल्ला खां स्टेडियम में अस्थायी राहत शिविर बनाया गया है जहां करीब 200 लोग रुके हुए हैं और उन्हें भोजन पानी की व्यवस्था करायी गयी है़
रूईधासा विवेकानंद कॉलोनी में जलजमाव
