अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की ठोकर से अधेड़ की मौत, दो जख्मी

अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की ठोकर से अधेड़ की मौत, दो जख्मी

पोठिया. पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के शीतलपुर मोड़ पर गुरुवार सुबह करीब सात बजे दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब पुलिस की 112 टीम अवैध बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा कर रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार व अनियंत्रित ट्रैक्टर ने इस्लामपुर की ओर जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. बाइक पर सवार सतमेरी निवासी मैनुल हक, 55 वर्ष, की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं मिर्जापुर निवासी जलालुद्दीन, 60 वर्ष व सात वर्षीय बच्ची आसिफा गंभीर रूप से घायल हो गयी. दोनों का इलाज किशनगंज के निजी अस्पताल में जारी है. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस के अनुसार चालक की पहचान बलदिया हाट निवासी नदीम के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश फूट पड़ा. सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए व मुख्य सड़क को जाम कर दिया. लोगों ने आगजनी कर जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन जारी है, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई नाकाफी रही है. इसी लापरवाही ने आज एक परिवार को उजाड़ दिया.

सूचना मिलते ही पहाड़कट्टा थाना, पोठिया थाना व छत्तरगाछ ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी सह प्रभारी सीओ पोठिया जवाद आलम, एसडीपीओ मंगलेश कुमार और टाउन डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाया. सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी जवाद आलम ने कहा कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

क्या कहते हैं एसडीपीओ

एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अवैध खनन पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ. इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक की बीमार पत्नी नोरेतुन बेगम मौके पर पहुंची और बेसुध होकर रोने बिलखने लगी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरा माहौल गम व गुस्से से भरा रहा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है व आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >