किशनगंज : मोहब्बत का पैगाम लेकर किशनगंज आयी है शांति सद्भावना साइकिल रैली. यह बात विधान पार्षद व अध्यक्ष विप मानवाधिकार समिति व एमजीएम मेडकिल कालेज के निदेशक डा दिलीप कुमार जायसवाल ने कही. वे शनिवार को स्थानीय दिगम्बर जैन भवन में देश में हिंसा, आतंकवाद, संप्रदायवाद की बढ़ती त्रासदी के शमन हेतु शांति सद्भावना साइकिल यात्रा पर निकले यात्रियों के स्वागत समारोह में बोल रहे थे.
श्री जायसवाल ने कहा कि अमन के संदेश को लेकर असोम कोकराझार से तीन सितंबर को जम्मू कश्मीर के निकली शांति सद्भावना साइकिल रैली आठ राज्यों का परिभ्रमण करते हुए 40 दिनों में 25 अक्तूबर को जम्मू कश्मीर तक शांति का संदेश फैलायेगी. श्री जायसवाल ने कहा कि भारत बुद्ध, महावीर, गुरू नानक, शंकरदेव, आजान फकीर, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी जैसे अनेक संत और महापुरुषों की तपोभूमि है.
दुनिया में शांति का संदेश भारत फैलाता है, हमें अपनी इस परंपरा को कायम रखते हुए सिर्फ देश के अंदर में ही नहीं बल्कि दुनिया भी में शांति, सदभावना का प्रसार करना है. उन्होंने कहा कि रैली में शामिल युवाओं ने राष्ट्र निर्माण व समाज के प्रति अपने कर्त्तव्य को सर्वोपरि समझ कर इसके लिए काम करने का उदाहरण पेश किया है. मौके पर नप अध्यक्षा आंची देवी जैन ने भी साइकिल रैली में शामिल सदस्यों की हौसला अफजाई की. साइिकल जत्थे में आशा बासुमत्री, जमुना बासुमत्री, ज्योश्री राय, धनंजय नाथ, खरगेश्वर नाथ, हर कुमार नाथ, महेंद्र नाथ, अमर कुमार दत्ता, सहिदुल इस्लाम, धर्मेंद्र राजपूत, चंदन कौर, राधा भट्ट, शिवाजी नत्री, मुकूल हटवारी, कुमार कृष्णन, अब्दुल मोजीद,बेदूल इस्लाम, इंडी मजहारी, बीमश्राव, विनय खूंगूर ब्रह्मा, लोकेंद्र बासुमत्री, गुटल बासुमत्री, ज्योनल हुसैन शामिल थे. मंच संचालन डा फरजाना ने किया.
