निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 232 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 232 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
”वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर चुरली उच्च विद्यालय में व्याख्यान आयोजित; वितरित की गई मुफ्त दवाएं
गलगलिया. सशस्त्र सीमा बल की 41वीं बटालियन, रानीडंगा द्वारा सामाजिक चेतना अभियान के तहत गुरुवार को एक सराहनीय पहल की गयी. वाहिनी के कार्यक्षेत्र निमुगुड़ी अंतर्गत उच्च विद्यालय, चुरली में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर सह स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें बीमारियों के प्रति जागरूक करना था.
वरिष्ठ चिकित्सक ने किया उपचार, मिली मुफ्त दवाएं
शिविर में 41वीं वाहिनी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय चौधरी ने अपनी टीम के साथ मौजूद रहकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की गहन जांच की. जांच के पश्चात मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया व वाहिनी चिकित्सालय के कर्मियों द्वारा मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई गयी. इस जनकल्याणकारी शिविर से कुल 232 सीमावर्ती ग्रामीण लाभान्वित हुए.
स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया विशेष जोर
चिकित्सा जांच के साथ-साथ डॉ संजय चौधरी ने ग्रामीणों के लिए एक विशेष जागरूकता सत्र भी चलाया. इसमें उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने, मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि छोटी-छोटी सावधानियों से बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है.
”वंदे मातरम्” के 150 वर्ष : राष्ट्रभक्ति का संचार
शिविर के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर को भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया. ग्रामीणों के साथ मिलकर वंदे मातरम् के ऐतिहासिक व राष्ट्रीय महत्व पर एक विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया गया. इससे उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति व राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार हुआ.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य व्यक्तियों ने मुक्त कंठ से सराहना की. ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की. इस मौके पर भाजपा नेता अरुण सिंह, अमरजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग और एसएसबी के जवान मौजूद थे.