जयकारों के साथ हुआ मां ब्रह्मचारिणी का पूजन

किशनगंज : नवरात्रा को लेकर मां दुर्गा की पूजा अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. नवरात्रा के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की गई. पूजा अर्चना को लेकर अल सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. शहर के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में बड़ी संख्या […]

किशनगंज : नवरात्रा को लेकर मां दुर्गा की पूजा अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. नवरात्रा के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की गई. पूजा अर्चना को लेकर अल सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. शहर के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है.

इसको लेकर पूजा अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही सार्वजनिक शीतला मंदिर, बड़ी कोठी दुर्गामंदिर, लौहारपट्टी शक्तिधाम दुर्गा मंदिर, रेलवे कॉलनी दुर्गा मंदिर, डे मार्केट दुर्गा मंदिर, मनोरंज क्लब दुर्गा मंदिर, पूरब पाली दुर्गा मंदिर, खगड़ा दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों व पूजा पंडालों में विधिवत पूजा अर्चना की जा रही है.
विशेष रूप से मंदिरों में होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है. बताते चलें कि नवरात्रा को लेकर बड़ी संख्या में लोग मां जगदंबा की आराधना करते हैं. मंदिर से लेकर घरों में निष्ठा व श्रद्धा के साथ नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूप की पूजा की जाती है. नवरात्रा में आम लोगों के साथ ही साधकों द्वारा विशेष पूजा की जाती है. विभिन्न मंदिरों में होने वाले अखंड चंडी पाठ व वैदिक मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय बना हुआ है.
प्रतिमा को दिया जा रहा अंतिम रूप : नवरात्रा को लेकर विभिन्न मंदिरों व पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है. यहां बनने वाली प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है. पूजा की तैयारी को लेकर पूजा पंडालों में भी सजावट व अन्य तैयारियां जोरों पर है. यद्यपि मौसम के कारण पूजा की तैयारी में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन आस्था और श्रद्धा के महापर्व को लेकर तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है. लोग अब पूरी तरह मां की आराधना में जुटे हुए हैं.
दिघलबैंक प्रतिनिधि के अनुसार शारदीय नवरात्र दूसरे दिन सोमवार को देवी ब्रह्माचारिणी की पूजा अर्चना को ऐतिहासिक धनतोला और दिघलबैंक दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी. बारिश के बावजूद मां भवानी के जयकारे से पूरा इलाका गूंजता रहा. मां भवानी का दर्शन करने के लिए लोग पंक्ति में खड़े अपनी बारी का इंतजार करते दिखे.
धनतोला मंदिर के अलावे दिघलबैंक, तालगाछ दुर्गा मंदिर सहित क्षेत्र सभी दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रविवार के मुकाबले कुछ अधिक रही. लोगों की भीड़ को देखते हुए ऐतिहासिक धनतोल और दिघलबैंक मंदिर परिसर में सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था रही. दंडाधिकारी के साथ तैनात पुलिस के जवान मंदिर परिसर की हर गतिविधियों पर अपनी नजर बनाए हुए थे.
नवरात्र में ऐतिहासिक धनतोला और दिघलबैंक दुर्गा मंदिर में दूर दराज से लोग मां भवानी का दर्शन करते आते हैं. शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ दिखी. सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर आने का सिलसिला शुरू हो गया था.
दिन के दस बजे तक पूरा मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ गई. इस दौरान मां के जयकारे से पूरा इलाका गूंजता रहा. मंदिर के पास बैठ कर लोग दुर्गा सप्तशती का पाठ करते देखे गए. मंदिर के प्रवेश द्वार पर महिला व पुरुष पंक्ति में खड़े होकर बारी का इंतजार करते देखे गए.
पोठिया प्रतिनिधि के अनुसार पोठिया बाजार स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर पोठिया में कलश स्थापना के दिन से ही भक्तों की भीड़ पूजा अर्चना हेतु लगी हुई हैं. उक्त मंदिर में भक्तों की हर मुराद मां दुर्गा पूर्ण करती है. नवरात्र के दूसरे दिन मां की पूजा अर्चना के लिये भक्तों की भीड़ उमर गई. मंदिर प्रांगण में पुजारी अवध नारायण झा ने बताया की मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप की आज पूजा-अर्चना की गई.
पूरा पोठिया बाजार सहित आस-पास के कई गांव मां दुर्गा के मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा. पूरे प्रखंड क्षेत्र में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ नवरात्र का पर्व मनाया जा रहा है. इस वर्ष छत्तरगाछ, कस्वाकलियागंज, तैयबपुर, टिप्पीझाड़ी, इन्द्रपुर. रायपुर, सोनापुर आदि स्थानों में बड़े ही धूम- धाम से कमेटि के द्वारा किया जा रहा हैं.
कोचाधामन प्रतिनिधि के अनुसार नवरात्र शुरू होते ही क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है. मंदिरों में चल रहे चंडीपाठ व दुर्गा चालीसा से पूरा क्षेत्र में वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. सुबह-शाम मंदिरों में भक्तों की तांता लगा रहता है. नवरात्र के दूसरे दिन गुरुवार को मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप बह्मचारणी की पूजा अर्चना की गई. वहीं दुर्गा पूजा को लेकर क्षेत्र के हाट बाजारों में चहल पहल बढ़ गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >