किशनगंजः सदर थाना क्षेत्र के गाछपाड़ा पंचायत के गाछपाड़ा गांव में दो नाबालिग युवती का अपहरण कर गैंगरेप किया गया. चार युवकों ने मिलकर शुक्रवार की देर रात इस घटना को अंजाम दिया. दुष्कर्म का शिकार दोनों युवती रिश्ते में फुआ व भतीजी हैं. मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने महिला थाना में आरोपी युवक तसलीमउद्दीन, अकबर, शहाबुल व सादिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. सभी आरोपी गाछपाड़ा के ही निवासी हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
पहले से घात लगाये बैठे थे चारों : घटना के संबंध में पीड़िता के पिता ने बताया कि शुक्रवार की रात उनकी पोती व बेटी घर के बगल ही शौच के लिए गयी थी. पहले से चारों युवक वहां मौजूद थे. चारों युवक दोनों को अपने साथ जबरन ले गये. दो घंटे बाद उनकी पोती युवकों के चंगुल से निकल कर भागी और घर पहुंच कर मामले की जानकारी दी.
इसके बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी और एक युवक तसलीम का नाम बताया. बाद में गांव के लोग आरोपी तसलीम के घर पहुंचे. तसलीम के पिता ने बताया कि वह घर पर नहीं है. काफी खोजबीन के बाद उनकी बेटी जब नहीं मिली तो सुबह वे लोग थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. सुबह साढ़े छह बजे उनकी बेटी पहुंची और दुष्कर्म की बात बतायी. पुलिस ने पीड़िता दोनों युवतियों से पूछताछ की.
मामले की जानकारी मिली है. जांच जारी है. गैंगरेप जैसी कोई घटना नहीं हुई है.
मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक
