धान रोपकर लौट रहीं दो महिलाएं ठनका की चपेट में आयीं, अस्पताल में भर्ती; खेत में चर रही दुधारू भैंस की भी मौत

Lightning Alert : खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाएँ घायल हो गईं, वहीं एक दुधारू भैंस की मौत हो गई. दोनों महिलाओं का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है.

Lightning Alert : खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाएं घायल हो गईं, जबकि एक दुधारू भैंस की मौत हो गई. दोनों महिलाओं का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

धान रोपाई कर लौटते समय गिरी आकाशीय बिजली

ग्रामीणों के अनुसार सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे सकरोहर पंचायत के धड़क्का सिंह बासा में महेंद्र सिंह के खेत से धान की रोपाई कर लौट रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. इसकी चपेट में आने से वार्ड संख्या-4 निवासी 50 वर्षीय पिंकी देवी और 36 वर्षीय गुलेना देवी गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

ग्रामीणों की तत्परता से बची दोनों की जान

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों महिलाओं को बेलदौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. बिनोद यादव की देखरेख में उनका उपचार शुरू किया गया. डॉक्टर ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण दोनों महिलाओं की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है.

दूसरी घटना में दुधारू भैंस की मौत

इसी दौरान पचौत पंचायत के मुरली बहियार में खेत में घास चर रही एक दुधारू भैंस भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई. बिजली गिरते ही भैंस की मौके पर ही मौत हो गई. मृत भैंस मुरली गांव निवासी अमित कुमार की बताई गई है, जो जयप्रकाश यादव के पुत्र हैं.

पशुपालक ने मुआवजे की लगाई गुहार

भैंस की मौत के बाद पशुपालक अमित कुमार ने अंचलाधिकारी (सीओ) को लिखित आवेदन देकर घटना की सूचना दी है. उन्होंने सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

मौसम विभाग की चेतावनी का करें पालन

लगातार बदलते मौसम और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील की गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लेना और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना ही सबसे प्रभावी बचाव है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >