प्रखंड पंचायत सरकार भवन पिरनगरा परिसर में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं को चिह्नित किया गया. जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में कुल 10 विकास योजनाओं का चयन किया गया.
सड़क से लेकर सामुदायिक भवन तक होंगे विकास कार्य
चिह्नित योजनाओं में सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार, एनएच-107 से भूमि शर्मा के घर तक सड़क निर्माण तथा मध्य विद्यालय पिरनगरा सह उच्च विद्यालय की चारदीवारी का जीर्णोद्धार प्रमुख रूप से शामिल है. इसके अलावा पंचायत क्षेत्र की जरूरतों से जुड़ी अन्य विकास योजनाओं को भी सूची में शामिल किया गया. इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
महादलित टोला में लगा विशेष कैंप
कार्यक्रम के तहत संत रविदास जयंती के अवसर पर महादलित टोला वार्ड संख्या एक में विशेष कैंप का भी आयोजन किया गया. कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सौंपे. राशन कार्ड, वासगीत पर्चा समेत विभिन्न मामलों से जुड़े आवेदन लिए गये. कई मामलों में समाधान की प्रक्रिया भी पूरी की गयी.
जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया मंजू देवी ने की. मौके पर विकास मित्र हरिकिशोर, शिक्षक ब्रजेश कुमार, पंचायत रोजगार सेवक सुरेंद्र कुमार, सभी आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी एवं जीविका सीएम मौजूद रहीं. वार्ड सदस्य रामविनय सदा, कृष्णा कुमार, अभिमन्यु अंजन, संगम कुमार, उपसरपंच प्रतिनिधि रमेश यादव, सुभाष कुमार यादव समेत काफी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान पंचायत की जरूरतों और ग्रामीणों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गयी.
