सरकारी योजनाओं व सेवाओं का अंतिम लाभार्थी तक बनाया जा रहा प्रभावी पहुंच : डीएम
भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा किया गया.
By RAJKISHORE SINGH | Updated at :
आकांक्षी जिला खगड़िया में संपूर्णता अभियान 2.0 का हुआ शुभारंभ
खगड़िया. भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा किया गया. यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक संचालित होगा. जिसका मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की सौ प्रतिशत संतृप्ति (सैचुरेशन) सुनिश्चित करते हुए अंतिम लाभार्थी तक प्रभावी पहुंच बनाना है. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया. जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया. जिला पदाधिकारी ने आकांक्षी जिला अंतर्गत चयनित सभी विकास सूचकांकों (इंडिकेटर्स) की विभागवार समीक्षा की.
जन सहभागिता बढ़ाकर योजनाओं का पहुंचाया जाएगा लाभ
उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट कहा कि अभियान की अवधि के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पशु स्वास्थ्य सहित सभी प्राथमिक क्षेत्रों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाय. जिला पदाधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत विशेष दिवसों का आयोजन किया जाएगा. जिनमें प्रमुख रूप से ग्राम सभा, स्वास्थ्य जांच शिविर, महिला दिवस, टीकाकरण दिवस, विज्ञान दिवस तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती आदि शामिल हैं. ताकि जन सहभागिता बढ़े और योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आगामी 14 अप्रैल 2026 तक सभी चयनित इंडिकेटर्स को पूर्ण रूप से सैचुरेट (100 प्रतिशत) किया जाय. जिससे जिला विकास के मानकों पर अग्रणी बन सके. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं परिणामोन्मुखी कार्य करने पर विशेष बल दिया गया. उप विकास आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभियान की रूपरेखा पर अपने विचार साझा किये. इसे जिले के समग्र एवं समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया. गौरतलब है कि संपूर्णता अभियान 2.0 केवल आंकड़ों की पूर्ति तक सीमित नहीं है. बल्कि इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता को सुदृढ़ करना है. ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाय.
सभी अधिकारियों ने लिया संकल्प
संपूर्णता अभियान को पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों ने संकल्प लिया. कहा कि जिला व ब्लॉक को संपूर्णता अभियान के सभी इंडिकेटरों को संतृप्त करने के लिए कार्य करेंगे. ब्लॉक जिला को स्वस्थ, समर्थ, समृद्ध बनाएंगे. मौके पर उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, जिला योजना पदाधिकारी बबन कुमार, सिविल सर्जन रामेंद्र कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी राकेश रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड, सहायक जिला योजना पदाधिकारी नित्यानंद किशोर, कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा आकांक्षा चौधरी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास अमृता रंजन, पीरामल फाउंडेशन के सेराज हसन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ धर्मेंद्र कुमार, बीडीओ परबत्ता, सभी प्रखंडों के एमओआइसी, आंगनवाड़ी सेविका, जीविका प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.