खगड़िया में एनएच-31 पर दर्दनाक हादसा, मुखिया के बड़े भाई की मौत से पसरा मातम

Road Accident News: खगड़िया के गोगरी में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर में पंचायत मुखिया के बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई.

खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट.

Road Accident News: गोगरी प्रखंड के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर देवठा बजरंगवली मंदिर के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में देवठा पंचायत के मुखिया आलोक कुमार के बड़े भाई अनिल कुमार शर्मा की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया.

तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर

स्थानीय लोगों के अनुसार अनिल कुमार शर्मा बाइक से किसी जरूरी काम से जा रहे थे. इसी दौरान एनएच-31 पर तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे की सूचना मिलते ही पसराहा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.

परिवार में मचा कोहराम

अनिल कुमार शर्मा की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी मृतक के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे.

बताया जा रहा है कि मृतक इलाके में मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे. उनकी अचानक मौत से गांव में शोक का माहौल है.

एनएच-31 बना हादसों का हॉटस्पॉट

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-31 पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का कहर जारी है. बीते एक महीने में सड़क दुर्घटनाओं में एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच पर स्पीड कंट्रोल, नियमित गश्ती और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

पुलिस जांच में जुटी

पसराहा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के बाद फरार पिकअप वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है.

Also Read: Gaya Ji News: इमामगंज में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >