72 घंटे में उपलब्ध होगा गांव व वार्ड का राजस्व नक्शा

72 घंटे में उपलब्ध होगा गांव व वार्ड का राजस्व नक्शा

गोगरी. अब अपने गांव का राजस्व नक्शा प्राप्त करने के लिए ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी. दरअसल राजस्व व भूमि सुधार विभाग ने आम लोगों के लिए बड़ी सुविधा की शुरुआत की है. नयी व्यवस्था के तहत अब ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के निवासी अपने गांव या वार्ड का राजस्व नक्शा केवल 72 घंटे के भीतर अपने घर बैठे मंगवा सकते हैं. जिला प्रशासन ने आमलोगों से नयी सेवा की जानकारी देते हुए बताया है कि इस सेवा का लाभ उठाने के लिए नागरिकों को विभाग की वेबसाइट पर जाकर “डोर स्टेप डिलेवरी ऑफ रेवन्यू मैप्स ” विकल्प का चयन करना होगा. नक्शा मंगवाने की प्रक्रिया सरल है. इसके लिए शहर या गांव का एरिया टाइप करें. उसके बाद मैप टाइप का चुनाव करें. उसके बाद जिला, थाना या नगरपालिका, मौजा व वार्ड का चयन करें. उसके बाद सर्च मैप पर क्लिक कर शीट नंबर का चुनाव करें. उसके बाद एड टू कार्ट करें. एक लेनदेन में अधिकतम पांच शीट नक्शा का ऑर्डर किया जा सकता है. उसके बाद डिलेवरी एडरेस भरें और फिर भुगतान करें. भुगतान सफल होने पर रसीद प्राप्त करें, जिसमें कंसाइनमेंट नंबर अंकित होगा. अपने ऑर्डर का स्टेटस भी वेबसाइट पर जाकर ट्रैक कर सकते हैं. यह पहल न केवल पारदर्शिता बढ़ायेगी बल्कि आम नागरिकों को अपने भूमि से जुड़े दस्तावेजों तक त्वरित और आसान पहुंच भी प्रदान करेगी. जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि राजस्व व भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित इस डोर स्टेप डिलेवरी सेवा का लाभ उठायें और अपने गांव का नक्शा बिना किसी परेशानी के घर बैठे मंगवायें. सरकार के द्वारा नक्शा उपलब्धता के लिए उपलब्ध नयी व्यवस्था को जानकार आम आदमी के लिए उपयोगी बता रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >