Khagaria News: खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड से इंसानियत की एक प्रेरक खबर सामने आई है. रामपुर ग्राम कचहरी के सरपंच मो. नूर आलम ने अस्पताल में भर्ती एक मरीज की जरूरत के समय स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की. मरीज के शरीर में खून की कमी होने के कारण डॉक्टरों ने तत्काल दो यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई थी. सूचना मिलते ही सरपंच बिना देर किए बेगूसराय पहुंचे और रक्तदान कर मरीज के इलाज में सहयोग किया.
सरपंच की इस पहल की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं. पीड़ित परिवार ने इसे संकट की घड़ी में मिली सबसे बड़ी मदद बताया है.
किडनी ऑपरेशन से पहले पड़ी खून की जरूरत
जानकारी के अनुसार गोगरी प्रखंड के रामपुर वार्ड संख्या 8 निवासी मो. अंसार आलम को किडनी के ऑपरेशन के लिए बेगूसराय स्थित मीरा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था.
जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि मरीज के शरीर में रक्त की कमी है और ऑपरेशन से पहले दो यूनिट ब्लड की तत्काल आवश्यकता होगी. इसके बाद परिजनों ने रक्त की व्यवस्था के लिए लोगों से संपर्क करना शुरू किया.
सूचना मिलते ही बेगूसराय पहुंचे सरपंच
मरीज के परिजनों ने इस संबंध में रामपुर ग्राम कचहरी के सरपंच मो. नूर आलम को जानकारी दी. सूचना मिलते ही उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के रक्तदान के लिए सहमति दी और तुरंत बेगूसराय पहुंच गए.
अस्पताल में उन्होंने एक यूनिट रक्तदान किया, जिससे मरीज के ऑपरेशन की तैयारी में मदद मिली.
वार्ड सदस्य प्रतिनिधि ने भी किया सहयोग
सरपंच मो. नूर आलम ने बताया कि मरीज को दो यूनिट रक्त की जरूरत थी. एक यूनिट रक्त उन्होंने स्वयं दिया, जबकि दूसरी यूनिट वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मो. तनवीर आलम ने दान की.
दोनों के सहयोग से समय पर रक्त की व्यवस्था हो सकी, जिससे मरीज के इलाज में कोई बाधा नहीं आई.
परिवार ने जताया आभार
रक्तदान के बाद मरीज के परिजनों ने सरपंच मो. नूर आलम और मो. तनवीर आलम का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि समय पर मिली इस मदद से मरीज का इलाज आगे बढ़ सका.
स्थानीय लोगों ने भी दोनों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे कार्य दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं.
Khagaria News:रक्तदान से बच सकती है किसी की जान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार स्वैच्छिक रक्तदान एक सुरक्षित और मानवीय पहल है. दुर्घटना, ऑपरेशन, प्रसव और गंभीर बीमारियों के दौरान कई मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है. ऐसे समय में रक्तदाता किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
Also Read: राज्यसभा पहुंचे नीतीश कुमार, पहले दिन क्या-क्या हुआ? उपराष्ट्रपति से भी की मुलाकात
