राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-नीट यूजी 2026 का परिणाम 16 जुलाई को घोषित किया गया. परीक्षा में परबत्ता प्रखंड के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है.
रिया कुमारी ने 561 अंक किए प्राप्त
प्रखंड के खजरैठा गांव निवासी किसान रजनीश राय एवं ब्यूटी देवी की पुत्री रिया कुमारी ने 720 में 561 अंक प्राप्त किए. रिया ने तीसरे प्रयास में यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की. पूर्व जिला परिषद सदस्य पंकज कुमार राय ने बताया कि रिया की सफलता के पीछे माता-पिता का निरंतर सहयोग और त्याग रहा. उन्होंने कहा कि रिया की मां बच्चों के साथ कोटा और भागलपुर में रहकर उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग करती रहीं, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है. उन्होंने रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
तारीक अनवर ने 518 अंक हासिल किए
वहीं, मड़ैया इस्लामपुर निवासी तथा प्राथमिक विद्यालय हरिजन नयागांव में कार्यरत शिक्षक ताज आलम एवं तारा खातून के पुत्र तारीक अनवर ने 720 में 518 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की. तारीक ने भी लगातार मेहनत और धैर्य का परिचय देते हुए तीसरे प्रयास में यह मुकाम प्राप्त किया.
क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणा
स्थानीय शिक्षक मोहम्मद रियाजुद्दीन ने तारीक को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का मार्गदर्शन, अथक मेहनत और स्वयं तारीक की लगन का बड़ा योगदान है. उन्होंने कहा कि तारीक की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी.
रिया और तारीक की इस सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. पूरे परबत्ता क्षेत्र में उनकी उपलब्धि को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है.
