खगड़िया : चौथम थाना क्षेत्र के कैथी गांव के समीप शनिवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय नरेश पासवान की सदर अस्पताल, खगड़िया में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक कैथी गांव निवासी बिन्देश्वरी पासवान के पुत्र थे.
बताया जाता है कि नरेश पासवान सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान एक ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान नरेश पासवान की मौत हो गयी.
मौत की खबर से परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मोहन सिंह, पवन सिंह समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और नरेश पासवान का हालचाल जाना. बाद में उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
स्थानीय लोगों ने घटना पर शोक जताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
