Khagaria Nag Panchami: मानसी नगर पंचायत बाजार स्थित मां भगवती मंदिर परिसर में आयोजित होने वाला ऐतिहासिक नागपंचमी महोत्सव इस वर्ष 3 अगस्त से 10 अगस्त तक मनाया जाएगा. सावन माह की नागपंचमी पर आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां भगवती के दरबार में पहुंचकर दूध, लावा, कटहल, आम एवं नीम की डाल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे.
3 अगस्त को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
मेला महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमर कौशिक ने बताया कि 3 अगस्त को भव्य कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा. इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी और संध्या में कथा वाचक मनीषानंद महाराज के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ होगी. कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा.
सात दिनों तक चलेगी श्रीमद्भागवत कथा
समिति के अनुसार 4 अगस्त से 9 अगस्त तक प्रतिदिन संध्या में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा. धार्मिक प्रवचन के साथ श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी. आयोजन समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक वातावरण से जोड़ना और सनातन परंपराओं का संरक्षण करना है.
10 अगस्त को होगा महोत्सव का समापन
महोत्सव का समापन 10 अगस्त को कलश विसर्जन, विशाल भंडारा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
मेले में रहेंगे आकर्षक झूले और मीना बाजार
Khagaria Nag Panchami: मेला समिति के सचिव सह वार्ड पार्षद रवि कुमार ने बताया कि इस बार मेले को पहले से अधिक आकर्षक बनाया जा रहा है. श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए ड्रैगन झूला, ब्रेक डांस झूला, टॉवर झूला, मिक्की माउस झूला सहित कई मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था की जा रही है. महिलाओं के लिए विशेष रूप से मीना बाजार भी लगाया जाएगा, जिससे परिवार के साथ आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
