Khagaria Woman Death: खगड़िया. सदर प्रखंड अंतर्गत गंगौर थाना क्षेत्र की बरैय पंचायत के रहुआ वार्ड संख्या-15 में सोमवार की अहले सुबह 30 वर्षीय विवाहिता निशा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रहुआ निवासी नेकू पासवान की पत्नी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
दो बेटे और दो माह की बेटी को छोड़ गई मां
मृतका अपने पीछे दो छोटे बेटे और महज दो माह की एक मासूम बेटी छोड़ गई है. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते रहे.
पिता ने मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप
मृतका के पिता रोहित पासवान, जो बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा गांव के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पिछले करीब एक महीने से लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने आशंका जताई कि इसी कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया.उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं. रविवार रात करीब आठ बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया. सोमवार तड़के करीब तीन बजे उन्हें फोन पर उसकी मौत की सूचना मिली.
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
रोहित पासवान ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिये.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
Khagaria Woman Death: गंगौर थानाध्यक्ष श्यामसुंदर पासवान ने बताया कि मृतका के पिता से घटना की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जाएगी. यदि जांच में प्रताड़ना या किसी अन्य आपराधिक तथ्य की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी.
