खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट.
Khagaria News: बेलदौर थाना क्षेत्र के एनएच-107 स्थित बेला नौवाद गांव के दक्षिण दिशा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक बालू गड्ढे में अज्ञात शव बरामद किया गया. यह शव सबसे पहले मछली पकड़ने गए बच्चों ने देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए.
मछली पकड़ने गए बच्चों ने देखा शव
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब आठ बजे कुछ बच्चे बालू खड्डे में मछली पकड़ने गए थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े एक शव पर पड़ी. डर के मारे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी तत्काल बेलदौर थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ भी की. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी.
जांच में जुटी पुलिस, पहचान का इंतजार
पुलिस का कहना है कि शव की पहचान कराए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है. शव की पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
इलाके में फैली तरह-तरह की चर्चाएं
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. स्थानीय लोग इसे लेकर कई तरह के कयास लगा रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत प्रशासन को सूचित करें.
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई
