खगड़िया को मेडिकल कॉलेज कब? विधायक बबलू मंडल ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखीं 5 बड़ी मांगें

Khagaria News: "खगड़िया को मेडिकल कॉलेज कब मिलेगा? विधायक बबलू मंडल ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखीं 5 बड़ी मांगें"

Khagaria News: खगड़िया जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर जिले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की. विधायक ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने, एनएच-31 पर ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने, सदर अस्पताल में स्थायी एफएसएल टीम की व्यवस्था करने, अतिरिक्त सर्जन की नियुक्ति तथा फोरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ की पदस्थापना की मांग करते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा.

मेडिकल कॉलेज निर्माण जल्द शुरू करने की मांग

विधायक बबलू मंडल ने कहा कि खगड़िया मेडिकल कॉलेज जिले की जनता की वर्षों पुरानी मांग है. इसकी स्वीकृति पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पहले ही दी जा चुकी है. मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल खगड़िया बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा.

एनएच-31 पर ट्रॉमा सेंटर की जरूरत बताई

स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे गए पत्र में विधायक ने पूर्वी ठाठा से मानसी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की मांग की. उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण कई लोगों की जान चली जाती है.

एफएसएल टीम की स्थायी तैनाती से जांच होगी तेज

विधायक ने खगड़िया सदर अस्पताल में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम की स्थायी व्यवस्था की भी मांग की. उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसी भी संवेदनशील मामले की जांच के लिए भागलपुर से एफएसएल टीम बुलानी पड़ती है, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित होती है. जिले में स्थायी एफएसएल टीम होने से वैज्ञानिक जांच में तेजी आएगी.

सदर अस्पताल में अतिरिक्त सर्जन और विशेषज्ञ की मांग

विधायक ने बताया कि खगड़िया सदर अस्पताल में प्रतिदिन 1300 से 1500 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. मरीजों की संख्या के अनुपात में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है. खासकर सर्जन की कमी के कारण कई गंभीर मरीजों को अन्य जिलों में रेफर करना पड़ता है. इसलिए अतिरिक्त सर्जन की नियुक्ति आवश्यक है.

इसके अलावा उन्होंने फोरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ की स्थायी पदस्थापना की भी मांग की. उनका कहना है कि विशेषज्ञ की कमी के कारण पोस्टमार्टम और विधिक प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब होता है, जिससे मृतकों के परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है.

लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

विधायक बबलू कुमार मंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है. उनका कहना है कि यदि मेडिकल कॉलेज, ट्रॉमा सेंटर और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना होती है तो जिले के लाखों लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध होगा और उन्हें चिकित्सा सेवाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

इन मांगों को खगड़िया की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:  ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >