गोगरी (खगड़िया) से धीरज सिंह की रिपोर्ट
Khagaria News: खगड़िया नगर परिषद की नाला निर्माण योजना लोगों की सुविधा के लिए शुरू हुई थी, लेकिन जमालपुर बाजार में यही योजना अब परेशानी का कारण बनती जा रही है. वार्ड संख्या 22 में राम केसरी चौक से माली टोला चौक तक नाला निर्माण के लिए सड़क खोद दी गई है, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, बिखरी गिट्टियां और निर्माण सामग्री लोगों के लिए रोजाना मुसीबत बन रही है. हालात ऐसे हैं कि बाजार आने-जाने वाले लोग दुर्घटना के डर के साथ सफर करने को मजबूर हैं.
सड़क बनी खतरे का रास्ता, हर दिन हो रहे छोटे-बड़े हादसे
जमालपुर बाजार की यह सड़क क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में गिनी जाती है. नाला निर्माण के लिए सड़क खोदने के बाद उसे सुरक्षित बनाने या मलबा हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. सड़क पर फैली गिट्टियों के कारण बाइक सवार अक्सर संतुलन खो देते हैं और गिर जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में कई लोग चोटिल हो चुके हैं.
शाम के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है. पर्याप्त रोशनी नहीं होने और सड़क पर बने गहरे गड्ढों की वजह से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
बाजार में जाम और आवागमन की दोहरी समस्या
सड़क के एक हिस्से में नाला निर्माण के लिए खुदाई की गई है, जबकि दोनों ओर फल और सब्जी विक्रेताओं के ठेले लगे रहते हैं. इससे सड़क संकरी हो गई है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. वाहन चालकों को निकलने में कठिनाई होती है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी सुरक्षित रास्ता नहीं मिल पा रहा है.
स्थानीय निवासी राम तमोली, लक्ष्मण तमोली और संजय केसरी का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
बुजुर्गों और महिलाओं की बढ़ी चिंता
जमालपुर बाजार की रहने वाली सुषमा गुप्ता बताती हैं कि बाजार आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. कई जगह सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे बुजुर्ग और महिलाएं सड़क पार करने से भी डर रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है.
पूर्व वार्ड पार्षद मनोज कुमार मुन्ना देश प्रेमी, अशोक कुमार पंकज, चंदन कुमार और अंकित कुमार सहित कई स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द सड़क को दुरुस्त कराने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है.
