बेलदौर से अमित सिंह की रिपोर्ट.
Khagaria News: खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह मौसम की मार जानलेवा साबित हुई. क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में बलैठा पंचायत के नारदपुर गांव निवासी 21 वर्षीय कुश महतो और डुमरी गांव निवासी ट्रैक्टर चालक अजनाश महतो शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
बहियार में काम के दौरान गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार नारदपुर गांव के बहियार में गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कुश महतो ठठेर का ढेर जमा कर रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई. ठनका की चपेट में आने से कुश महतो की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं पास में काम कर रहे ट्रैक्टर चालक अजनाश महतो गंभीर रूप से झुलस गए.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने कुश महतो को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल अजनाश महतो का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया, लेकिन बाद में उनकी भी मौत हो गई.
इतमादी में भी बिजली गिरने का कहर
इसी दौरान थाना क्षेत्र के इतमादी गांव में भी ठनका गिरने की एक और बड़ी घटना सामने आई. यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी अमित कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया. उन्होंने मृतक और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर भेजा.
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
अंचलाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि बेलदौर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है. प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. घायलों का इलाज कराया जा रहा है तथा सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
गांव में पसरा मातम, सहमे किसान
घटना के बाद नारदपुर, डुमरी और आसपास के गांवों में मातम का माहौल है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं बहियार में काम कर रहे किसान और मजदूर भी इस घटना के बाद दहशत में हैं. लगातार बदल रहे मौसम और वज्रपात की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने और मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है.
