Khagaria News: खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय एकनियां में छात्राओं को कथित रूप से उठक-बैठक कराने और मारपीट के बाद हुए हंगामे के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है. शिक्षक को सुरक्षित थाना ले जा रही पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
शिक्षक को ले जाते समय पुलिस वाहन पर हमला
जानकारी के अनुसार, घटना 7 जुलाई की है. छात्राओं को कथित रूप से सैकड़ों बार उठक-बैठक कराने और मारपीट करने के आरोप में शिक्षक आनंद कुमार को पुलिस हिरासत में लेकर थाना ले जाया जा रहा था. इसी दौरान विद्यालय गेट के बाहर कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को रोक लिया.
आरोप है कि लव कुमार ने वाहन के सामने आकर रास्ता रोका और पत्थर मारकर आगे का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद मकरा उर्फ अजय कुमार, सुधीर यादव, रिंकू कुमार और श्याम कुमार ने भी ईंट-पत्थर से हमला कर वाहन का पिछला शीशा तोड़ दिया. हालांकि पुलिस टीम शिक्षक को सुरक्षित थाना ले जाने में सफल रही.
पांच नामजद आरोपितों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस अवर निरीक्षक शेषनाथ गिरी के बयान पर मानसी थाना में कांड संख्या 185/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में लव कुमार, मकरा उर्फ अजय कुमार, सुधीर यादव, रिंकू कुमार और श्याम कुमार को नामजद बनाया गया है. पुलिस सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
छात्राओं के बेहोश होने के बाद भड़का था आक्रोश
बताया गया कि शिक्षक द्वारा कथित रूप से उठक-बैठक कराने और मारपीट के बाद ज्योति कुमारी, संभवी कुमारी, साधना कुमारी, प्रिया कुमारी, कोमल कुमारी, चांदनी कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, नीजा कुमारी, सीता कुमारी और शिवानी कुमारी सहित एक दर्जन से अधिक छात्राएं बेहोश हो गई थीं.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
Khagaria News: प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजीव कुमार विद्यालय पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस भेजी गई, जिसके जरिए सभी बेहोश छात्राओं को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 160 KMPH की रफ्तार से बस 60 मिनट में बिहार के इस शहर से पटना पहुंच जाएंगे आप, क्या है सरकार का प्लान
