Khagaria News: खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI(M)] के बैनर तले विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान, मजदूर और ग्रामीण शामिल हुए. प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) को 9 सूत्री मांगपत्र सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की.
धरना का नेतृत्व CPI(M) के राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड संजय कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर समय रहते सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर हमला
धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रही है.
नेताओं ने कहा कि गरीब, भूमिहीन, किसान और मजदूर वर्ग की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए. उन्होंने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की.
बीडीओ और सीओ को सौंपा 9 सूत्री मांगपत्र
धरना समाप्त होने के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ और सीओ को 9 सूत्री मांगपत्र सौंपा. मांगपत्र में भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल जमीन और बासगीत पर्चा देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी.
इसके अलावा गैर-मजरुआ भूमि और सड़क किनारे बसे परिवारों को बेदखल करने पर रोक लगाने, बंदोबस्त प्राप्त बटेदारों का नाम रजिस्टर-2 में दर्ज करने और राशन कार्डधारियों की छंटनी पर रोक लगाने की मांग भी की गई.
बिजली और पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग
मांगपत्र में महंगाई और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के साथ-साथ चौथम प्रखंड क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Khagaria News: कई नेताओं ने किया संबोधित
धरना सभा को राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड संजय कुमार, जिला सचिव सुरेंद्र मंडल, किसान सभा के जिला सचिव विनय सिंह, खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव डॉ. रामविनय सिंह, कॉमरेड बालेश्वर आजाद और गोरेलाल राम सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडी दिलीप कुमार ने की, जबकि मंच संचालन ललन प्रसाद रंजन ने किया.
अंत में पार्टी नेताओं ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की और कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा.
