Khagaria News: 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेला को लेकर खगड़िया प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. लाखों कांवरियों की संभावित भीड़ को देखते हुए गोगरी अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में सोमवार शाम गोगरी के एसडीओ संजय कुमार ने उत्तरवाहिनी अगुवानी गंगा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला अवधि में किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए. घाट पर सुरक्षा से लेकर पेयजल, रोशनी, मेडिकल सुविधा और नाव संचालन तक हर व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया.
कांवरियों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता
श्रावणी मेला के दौरान अगुवानी गंगा घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा पार कर सुलतानगंज पहुंचते हैं. वहां से जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होते हैं. वहीं हजारों श्रद्धालु अगुवानी घाट से ही जल लेकर फुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर, सिंहेश्वर मंदिर, तिलेहश्वर मंदिर और मड़वा महादेव मंदिर के लिए भी प्रस्थान करते हैं.
इसी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है.
घाट पर SDRF, गोताखोर और पुलिस की रहेगी तैनाती
एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि अगुवानी गंगा घाट पर दो SDRF टीमों की तैनाती की गई है. इसके अलावा गोताखोरों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके.
घाट पर चौकीदारों और पुलिस पदाधिकारियों की भी तैनाती रहेगी. पूरे मेला अवधि में 24 घंटे पुलिस गश्ती जारी रहेगी.
नाव संचालन पर रहेगा विशेष नियंत्रण
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने नाव संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं.
अगुवानी से सुलतानगंज जाने वाली नावों पर केवल निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने की अनुमति होगी. ओवरलोडिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.
रोशनी, पेयजल और मेडिकल सुविधा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अगुवानी बस स्टैंड से गंगा घाट तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा घाट पर शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, वाटरप्रूफ टेंट और मेडिकल टीम की व्यवस्था करने को भी कहा गया. गंगा के जलस्तर पर नजर रखने के लिए जल मापक निशान भी स्थापित कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने भी रखी अपनी मांग
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने एसडीओ का ध्यान घाट की साफ-सफाई, महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और अन्य बुनियादी सुविधाओं की ओर आकर्षित कराया.
एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है.
वाहन घाट तक नहीं जाएंगे
मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अगुवानी बस स्टैंड को वाहन ठहराव स्थल बनाया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी वाहन को गंगा घाट तक जाने की अनुमति नहीं होगी. इससे घाट क्षेत्र में भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.
Khagaria News: 30 जुलाई से शुरू होगा श्रावणी मेला
श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू हो रहा है. पूरे सावन माह में अगुवानी गंगा घाट आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहता है. यहां से हजारों कांवरिये जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम समेत विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना होते हैं.
प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें.
Also Read: NEET प्रदर्शनकारियों पर बड़ा फैसला, बिहार सरकार वापस लेगी दर्ज FIR, जल्द होंगे रिहा
