KDS College Gogri : केडीएस कॉलेज, गोगरी परिसर में सांसद निधि से मास्ट लाइट स्थापित किए जाने के बाद अब पूरा महाविद्यालय रात्रि के समय भी प्रकाशमान रहने लगा है. इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ परिसर की सुरक्षा भी पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत हुई है.
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोशन रवि ने बताया कि चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता रॉबिन स्मिथ ने कॉलेज परिसर में मास्ट लाइट लगाने की पहल की थी. उन्होंने सांसद राजेश वर्मा को पत्र लिखकर सांसद निधि से महाविद्यालय में मास्ट लाइट लगाने की मांग की थी. सांसद ने इस मांग को उचित मानते हुए कॉलेज परिसर में मास्ट लाइट लगाने की स्वीकृति दी, जिसके बाद इसका निर्माण कार्य पूरा किया गया.
रात में भी रहेगा सुरक्षित और रोशन परिसर
प्राचार्य ने कहा कि मास्ट लाइट लगने से महाविद्यालय परिसर का रात्रिकालीन सौंदर्य बढ़ा है. अब शाम और रात के समय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हो गई है.
शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. रोशन रवि ने कहा कि नई प्रकाश व्यवस्था से रात्रिकालीन शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजन में भी काफी सुविधा मिलेगी. यह महाविद्यालय को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी नगर परिषद द्वारा महाविद्यालय परिसर के आसपास बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई थी. अब मास्ट लाइट लगने से प्रकाश व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो गई है.
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जताई खुशी
रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. करुणेश केशव, शिक्षकेत्तर कर्मचारी इन्द्रदेव मंडल, पंकज कुमार, अमिता कुमार, पवन कुमार यादवेश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मास्ट लाइट लगाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने इसे महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
