खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय बेलदौर एवं पीएम श्री गांधी इंटर विद्यालय में गुरुवार को मानव तस्करी (मानव व्यापार) के खिलाफ विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बेलदौर थाना की सब-इंस्पेक्टर सरिता कुमारी ने छात्राओं को मानव तस्करी के खतरे, उसके तौर-तरीकों और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी.
मानव तस्करी को बताया गंभीर सामाजिक अपराध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआई सरिता कुमारी ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है. तस्कर अक्सर बेहतर शिक्षा, नौकरी या सुखद जीवन का लालच देकर बच्चों और किशोरियों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं. उन्होंने छात्राओं से किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में नहीं आने और हमेशा सतर्क रहने की अपील की.
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी बच्चे को आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई व्यक्ति लालच देकर कहीं ले जाने का प्रयास करे तो बिना घबराए इसकी सूचना अपने अभिभावकों, शिक्षकों या स्थानीय पुलिस को दें. समय पर सूचना देने से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है.
112 और 1098 हेल्पलाइन की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए डायल 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई. उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है.
विद्यालय प्रशासन ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. विद्यालय प्रशासन ने बेलदौर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपराध के प्रति जागरूक और सतर्क बनाते हैं.
काफी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान आदर्श मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक माधव कुमार सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
