संतमत सत्संग के चौथे दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गुरुवार को सत्संग के चौथे दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आध्यात्मिक वातावरण में साधना का लाभ उठाया

परबत्ता. प्रखंड क्षेत्र स्थित खीराडीह गांव के महर्षि मेही सत्संग आश्रम में 05 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक आयोजित 20वां वार्षिक साप्ताहिक ध्यानाभ्यास सत्संग का दिव्य और भव्य आयोजन पूरे श्रद्धा-भाव के साथ जारी है. गुरुवार को सत्संग के चौथे दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आध्यात्मिक वातावरण में साधना का लाभ उठाया. इस पुण्य अवसर पर श्रद्धालुओं को परम पूज्य सत्यनारायण ब्रह्मचारी महाराज एवं परम पूज्य संदीपानंद महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ. दोनों संतों के अमृतमय प्रवचनों ने श्रोताओं को ध्यान की गहराई, सत्संग की महिमा और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया. अन्य संतों के श्रीमुख से निकले वचनों ने भी भक्तजनों को साधना के प्रति प्रेरित किया. संतों ने महर्षि मेही परमहंस के वचनों से प्रेरणा देते हुए कहा कि “सच्चा सुख बाहर की वस्तुओं में नहीं, बल्कि अपने ही अंतर में स्थित है. ध्यान और नाम की साधना से मन शुद्ध होता है और जीव आत्मा अपने परम धाम की ओर अग्रसर होती है.” प्रवचनों के दौरान आश्रम परिसर “सत्संग-ध्यान” के भाव से ओतप्रोत रहा. आयोजन समिति की ओर से सभी श्रद्धालु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की गई. आयोजन में कमली बाबा के मार्गदर्शन में भूतपूर्व मुखिया अवध किशोर यादव, अम्बिका यादव, राजेंद्र मंडल सहित सहयोगी सत्संगी एवं खीराडीह ग्रामवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >