खगड़िया में रफ्तार का कहर: स्कूल से घर लौट रहे 10 वर्षीय मासूम को बाइक ने रौंदा, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बछौता चौक के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ स्कूल से घर लौट रहे एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने बुरी तरह रौंद दिया. गंभीर रूप से घायल बच्चे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट:

बछौता चौक पर हुआ हादसा, तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

हृदयविदारक घटना बुधवार की सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोरकाही थाना क्षेत्र के बछौता पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 5 निवासी मो. अख्तर का 10 वर्षीय पुत्र मो. साहुल स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान बछौता चौक के समीप वह सड़क पार कर रहा था, तभी खगड़िया की ओर से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक चालक ने मासूम को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया.

दादा के घर जा रहा था मासूम, दुकानदारों ने पहुंचाया अस्पताल

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार टक्कर लगते ही बालक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा. लोगों के अनुसार, साहुल का घर वार्ड संख्या 2 और 5 दोनों जगह है और वह स्कूल के बाद वार्ड 2 स्थित अपने दादा के घर जा रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. घटना के तुरंत बाद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए आनन-फानन में घायल बच्चे को उठाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया में भर्ती कराया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया.

परिजनों में मचा कोहराम, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा: थानाध्यक्ष

मासूम साहुल की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव और परिजनों तक पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया. माता-पिता सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में इस हादसे के बाद से गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है.

मामले की जानकारी मिलते ही मोरकाही थाना पुलिस टीम सक्रिय हो गई. थाना अध्यक्ष अंतिमा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और सदर अस्पताल में ही पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने दुर्घटना का कारण बनी बाइक और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >