बेलदौर में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों मरीजों की हुई जांच, गंभीर रोगियों को मिलेगा मुफ्त इलाज

Free Health Camp : बेलदौर नगर पंचायत परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया. इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें मुफ्त दवाइयां भी वितरित कीं. गंभीर रूप से बीमार पाए गए मरीजों को आगे के इलाज के लिए विशेष सहायता प्रदान की जाएगी.

Free Health Camp : बेलदौर नगर पंचायत भवन परिसर में रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ममता कुमारी के सौजन्य से श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज एवं शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, एनएच-31 के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न रोगों की जांच कराई, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और मुफ्त दवाइयां प्राप्त कीं.

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच

शिविर की शुरुआत नर्सिंग छात्राओं कोमल कुमारी, मधु कुमारी एवं अंशु कुमारी द्वारा मरीजों के पंजीकरण और रक्तचाप (बीपी) की जांच से हुई. इसके बाद डॉ. अमितेश कुमार, डॉ. मोहम्मद शाहबाज, डॉ. आदर्श कुमार, डॉ. राजलक्ष्मी एवं डॉ. कीर्ति वर्मा ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया.

आंख, शुगर, हृदय और फिजियोथेरेपी की भी सुविधा

शिविर में आंखों की जांच ऑप्थाल्मिक असिस्टेंट आकाश कुमार, पार्वती कुमारी एवं काजू कुमारी ने की. वहीं शुगर, हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप की जांच रितेश कुमार, शिवराज कुमार, सुजल कुमार एवं ममता कुमारी ने की. हृदय रोग से संबंधित मरीजों की जांच अंकिता कुमारी, राजा कुमार एवं सौरभ कुमार ने की. कमर दर्द, घुटनों के दर्द और अन्य शारीरिक समस्याओं से पीड़ित मरीजों को फिजियोथेरेपी विभाग के प्रिंस कुमार एवं उजाला कुमारी ने उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया.

गंभीर मरीजों को मिलेगी मुफ्त बस और इलाज

नगर पंचायत अध्यक्ष ममता कुमारी ने बताया कि शिविर के दौरान जिन मरीजों में गंभीर बीमारी के लक्षण पाए गए हैं, उन्हें सोमवार को नगर पंचायत की ओर से नि:शुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराकर श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज एवं शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, परमानंदपुर (खगड़िया) भेजा जाएगा. वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका समुचित इलाज कराया जाएगा तथा उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित वापस बेलदौर लाया जाएगा.

जनप्रतिनिधियों और मेडिकल टीम का मिला सहयोग

शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी मेडिकल सोशल वर्कर राहुल कुशवाहा ने संभाली. आयोजन को सफल बनाने में वार्ड सदस्य रंजन कुमार, शंभू कुमार शर्मा, पूर्व वार्ड सदस्य पंकज कुमार, अनिल कुमार सोनी, जवाहर शर्मा, सुनील कुमार शर्मा तथा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बबलू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने सक्रिय भूमिका निभाई.

स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं आयोजकों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारियों के प्रति जागरूक रहने और समय पर उपचार लेने की अपील की. साथ ही "रोगमुक्त खगड़िया" के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से सहयोग करने का आह्वान किया. शिविर में लोगों का उत्साह और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से देखने को मिली.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >