खगड़िया : थाना क्षेत्र के चक्रमनिया-सकरोहर मुख्य मार्ग पर गोपाल यादव के पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को दो सीएनजी ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. दुर्घटना में ऑटो पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल.
घायल की पहचान कुर्बन पंचायत के महदीपुर गांव निवासी स्व. जंत्री सिंह के 32 वर्षीय पुत्र किशोर सिंह के रूप में हुई है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेलदौर पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया.
श्राद्ध कर्म का सामान लेकर लौट रहा था युवक.
अस्पताल में इलाज के दौरान घायल किशोर सिंह ने बताया कि वह अपने दिवंगत पिता के श्राद्ध कर्म के लिए पूजा एवं भोज का सामान खरीदकर घर लौट रहा था. इसी दौरान बेलदौर की ओर जा रही एक सीएनजी ऑटो और सकरोहर की ओर से आ रही दूसरी सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी.
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे तत्काल इलाज मिल सका.
