खगड़ियाः सदर प्रखंड के गोपी टोल के समीप 12 घंटे तक सड़क जाम करने वाले 55 लोगों के विरुद्ध बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गंगौर ओपी अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी विभूति प्रसाद यादव के बयान पर पांच नामजद तथा 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
उन्होंने बताया कि बीते दो दिन पूर्व खगड़िया-बखरी पथ पर गोपी टोल के समीप ग्रामीणों ने 12 घंटे तक सड़क जाम कर दिया था. सड़क जाम होने के कारण मरीजों व शादी समारोह में जाने व आने वाले को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. उल्लेखनीय है कि विद्यालय की जमीन को भू-दाता द्वारा अतिक्रमण कर लिए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने लगभग 12 घंटे तक खगड़िया-बखरी पथ को जाम कर दिया था.
