बेलदौर (खगड़िया) : स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को बेलदौर अंचल प्रशासन की ओर से 61 भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चे का वितरण किया गया. अभियान बसेरा-2 के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के गरीब और भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए तीन-तीन डिसमिल जमीन का पर्चा दिया गया.
जानकारी के अनुसार, बेला नौवाद पंचायत के 21, सकरोहर पंचायत के 21, पिरनगरा पंचायत के 10 और दिघौन पंचायत के नौ भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराया गया. हालांकि, लाभुकों को पर्चा तो दिया गया, लेकिन रसीद नहीं दी गयी.
जमीन मिलने से चेहरे पर दिखी खुशी
पर्चा मिलने के बाद लाभुक महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. लाभुकों ने बताया कि वे लंबे समय से घर बनाने के लिए जमीन मिलने का इंतजार कर रहे थे. अब जमीन मिलने के बाद अपने आशियाने का सपना पूरा होने की उम्मीद जगी है.
कार्यक्रम में मौजूद बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल ने राजस्व अधिकारी सह प्रभारी अंचलाधिकारी सत्यनारायण झा को निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को जमीन का पर्चा दिया गया है, उसकी शीघ्र पैमाइश कराकर दखल-दहानी की प्रक्रिया पूरी की जाए.
विधायक ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराना उन्हें सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे जरूरतमंद परिवारों को अपना घर बनाने का अवसर मिलेगा.
कार्यक्रम में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रभात रंजन, डुमरी सरपंच अजय कुमार पटेल, जदयू नेता जेपी, समाजसेवी प्रभु नारायण चौधरी सहित सभी लाभुक और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे.
