बखरी से मंझौल की ओर जा रहा था ट्रक, विरोध में रोड जाम

आक्रोशित लोगों ने ट्रक को किया क्षतिग्रस्त बखरी : बखरी-मंझौल मुख्य सड़क के मक्खाचक मोड़ के समीप सोमवार की दोपहर एक गिट्टी लदे ट्रक ने एक साइकिल सवार छात्रा को रौंद दिया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक बखरी से मंझौल की ओर जा रहा […]

आक्रोशित लोगों ने ट्रक को किया क्षतिग्रस्त

बखरी : बखरी-मंझौल मुख्य सड़क के मक्खाचक मोड़ के समीप सोमवार की दोपहर एक गिट्टी लदे ट्रक ने एक साइकिल सवार छात्रा को रौंद दिया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक बखरी से मंझौल की ओर जा रहा था . मृतक छात्रा के पिता घाघरा निवासी व मटिहानी प्रखंड मे ग्रामसेवक पद पर कार्यरत श्रवण पासवान ने बताया कि उनकी सबसे छोटी पुत्री 17 वर्षीया किरण कुमारी बीए पार्ट वन की छात्रा थी. वह रोज की तरह बखरी के एक निजी कोचिंग कंप्यूटर इंस्टीट्यूट क्लास करने गयी हुई थी. क्लास कर अपनी साइकिल से घर वापस लौट रही थी तभी पीछे से तेज रफ्तार ओवर लोडेड गिट्टी लदा ट्रक उसे रौंदते हुए आगे गड्ढे में पलट गया. इससे मौके पर ही मौत हो गयी और छात्रा का शव क्षत-विक्षत होकर सड़क पर बिखर गया.
इसकी सूचना साथ में क्लास करने गयी छात्रा करकौली गांव निवासी गरीब दास की लड़की ने परिजनों को दी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्राइवर को पकड़ने के लिए खदेड़ा. लेकिन मौके से ड्राइवर समेत उप चालक सहित तीन लोग गाड़ी को चलती हालत में छोड़कर फरार हो गये. इसके बाद गुस्साये ग्रामीणों ने बखरी मंझौल पथ पर जमकर हंगामा करते हुए सड़क को जाम कर दिया. सौ गज तक चलता रहा बगैर ड्राइवर के ट्रक, हो सकता था बड़ा हादसा:प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के फौरन बाद तेज रफ्तार ट्रक से ड्राइवर व उप चालक समेत तीन लोग गाड़ी से कूद कर फरार हो गये. उसके बावजूद ट्रक बिना चालक के सौ गज तेज रफ्तार तक दौड़ता रहा लेकिन आगे मोड़ होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. इसे संयोग कहे कि कुछ दूर आगे एवं पीछे कई दुकानें थीं लेकिन किसी को कुछ नहीं हुआ. एक बड़ा हादसा होने की आशंका उत्पन्न हो गयी थी.
ट्रक जलाने का किया प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा गांव के आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर पहुंच कर ट्रक की टंकी को खंती से तोड़कर दिया. इससे तेल का बहाव तेजी से होने लगा. आग लगाने का प्रयास करने लगा. लेकिन घटनास्थल मौजूद बखरी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह तथा घघरा मुखिया सूर्यकांत पासवान, पूर्व मुखिया घनश्याम राय, स्थानीय लोग मोहम्मद अलीराज , मोहम्मद शमीम की तत्परता से जबर्दस्ती ट्रक को आग के हवाले होने से बचाया. अन्यथा मक्खाचक गांव में बड़ा हादसा हो जाता. क्योंकि आसपास कई दुकानें व घनी आबादी वाले मुहल्ले हैं.
तीन घंटे तक आवागमन रहा बाधित
छात्रा की मौत के बाद आक्रोशित लोगों के द्वारा बखरी-मंझौल पथ को जाम कर दिया गया. इससे तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा. इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >