गंगौर थाना क्षेत्र के सुंगठिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारी थी गोली कांड संख्या 18/26 दर्ज आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस खगड़िया. गंगौर थाना क्षेत्र के सुंगठिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी. घटना बीते रविवार देर शाम की बताई जा रही है. गोलीबारी और मारपीट की घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी थी. इस मामले में गंगौर थाना में कांड संख्या 18/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है. सुंगठिया निवासी रेखा देवी पति छोटन यादव ने गंगौर थाना में दिए आवेदन देकर कहा कि 5 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6-7 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे. इसी दौरान गांव के कुछ लोग पूर्व से चली आ रही रंजिश को लेकर नाजायज मजमा बनाकर हथियारों से लैस होकर उनके घर पर पहुंच गया. जिसमें शिवन यादव, दिलखुश यादव, कुंदन यादव, कृष्णनंदन यादव, रघुनंदन यादव, राजीव यादव, संजीव यादव, विभीषण यादव, जोगिंदर यादव, प्रदुमन यादव तथा जयप्रकाश यादव आदि शामिल थे. सभी लोगों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. विरोध करने पर शिवन यादव ने उनका बाल पकड़ कर जमीन पर पटक दिया. उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. इसी दौरान पति छोटन यादव एवं पुत्र गुलशन कुमार बचाने आया तो आरोपितों ने गोली चला दी. गोली छोटन यादव के पैर में लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद भी आरोपितों ने लाठी-डंडा, गड़ासा और बंदूक के कुंदे से लगातार मारपीट कर उन्हें और अन्य परिजनों को घायल कर दिया. घटना में गुलशन कुमार पर भी गड़ासा से हमला कर घायल कर दिया गया. बचाने आए ललन यादव, धर्मवीर और सुमन कुमार पर भी आरोपितों ने फायरिंग की. हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी. इसके बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों से सभी को बेरहमी से पीटा. घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां छोटन यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. वर्तमान में छोटन यादव का इलाज बेगूसराय में चल रहा है. जबकि अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है. पीड़िता ने घटना का कारण पुरानी रंजिश एवं दबंगई बताते हुए आरोप लगाया कि नामित व्यक्ति अक्सर रंगदारी की मांग करते थे. नहीं देने पर इस घटना को अंजाम दिया गया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही गंगौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर गंगौर थाना कांड संख्या- 18/26 दर्ज कर लिया है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
मारपीट कर गोली मारने के मामले में 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी, छापेमारी शुरु
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी थी.
