विरोध. 60 साल के बुड्ढे के साथ 13 साल की लड़की की शादी के खिलाफ ग्रामीण गोलबंद
13 साल की नाबालिग दुल्हन को बहला-फुसला 60 वर्ष के दूल्हे ने रचायी थी तीसरी शादी
बाल विवाह करवाने में बुढे दुल्हा के दो भाई राजेश व उमेश पोद्दार की रही सीधी भूमिका
छह अप्रैल को शादी के बाद चार अलग अलग थाना में आवेदन देने गये लड़की के पिता
पुलिस ने बाल विवाह की प्राथमिकी दर्ज करने की बजाय पीड़ित पिता को लौटाया
माड़र के मुखिया के नेतृत्व में बुधवार को हुई पंचायती में लड़की को लौटाने का दिया अल्टीमेटम
गुरुवार तक नाबालिग दुल्हन को मुक्त नहीं किया तो एसपी से मिलकर ग्रामीण करेंगे शिकायत
खगड़िया : बाल विवाह के खिलाफ खगड़िया के माड़र दक्षिणी पंचायत के ग्रामीण उठ खड़े हुए हैं. 13 साल की बच्ची के साथ 60 बरस से अधिक उम्र के बुढे की शादी का मामला तूल पकड़ लिया है. बुधवार को इस बाल विवाह के खिलाफ माड़र दक्षिणी पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में पंचायती की गयी. पंचायती में एकस्वर से बाल विवाह की निंदा करते हुए खिलाफत का निर्णय लिया गया. जिसमें बुढे दुल्हे बादल पोद्दार के भाई राजेश पोद्दार को गुरुवार तक का अल्टीमेटम दिया गया है. अगर तय समयसीमा के अंदर लड़की सकुशल उसके घर नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने एसपी दरबार में जाकर इस बाल विवाह की शिकायत करने का एलान किया है.
नाबालिग लड़की के परिजन ने कहा कि बाल विवाह की शिकायत करने के लिए अब तक चार थाना जा चुके हैं लेकिन कहीं आधार कार्ड तो कहीं किसी कागजात का बहाना बना कर लौटा दिया गया. जब जनगणना, राशन कार्ड, मुखिया का प्रमाण पत्र पेश किया गया तो पुलिस ने इससे मानने से इंकार कर दिया. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पुलिस इस बाल विवाह के खिलाफ एक्शन लेने से क्यों परहेज कर रही है? ऐसे में बाल विवाह खत्म करने का सपना कैसे साकार होगा? इधर, फिलहाल बाल विवाह की शिकार नाबालिग लड़की बुड्ढे बादल के साथ चोरी-छिपे रह रही हैं.
लड़की की उम्र महज 13 वर्ष है. जबकि माड़र दक्षिण पंचायत निवासी दुल्हा बादल पोद्दार की उम्र 60 वर्ष से अधिक है. इसकी दो शादी पहले हो चुकी है. अब नाबालिग के साथ बुजुर्ग की शादी बेमेल शादी बाल विवाह की श्रेणी में आता है. परिजन बाल विवाह की शिकार अपनी बच्ची को रंगीनमिजाम बुजुर्ग से मुक्त करवाने के लिए आवेदन लेकर थाना-थाना घूम रहे हैं
लेकिन पुलिस अभी तक प्राथमिकी करने की जहमत नहीं उठायी है. बुधवार को माड़र में हुई पंचायती में बुजुर्ग दूल्हा बादल पोद्दार के परिजन को गुरुवार तक लड़की सकुशल घर पहुंचाने का अल्टीमेटम दिया गया है. समय सीमा के अंदर अगर लड़की मुक्त नहीं हुई तो एसपी से मिलकर गुहार लगायी जायेगी. इस बाल विवाह के खिलाफ पूरा माड़र दक्षिण पंचायत के लोग उठ खड़े हुए हैं.
मजहर आलम, मुखिया प्रतिनिधि. माड़र दक्षिण.
बादल पोद्दार ने नाबालिग से रचायी तीसरी शादी
बताया जाता है कि माड़र दक्षिणी पंचायत निवासी बादल पोद्दार ने नाबालिग लड़की के साथ तीसरी शादी रचायी है. इससे पहले दो पत्नी इसको छोड़कर चली गयी. बुढ्ढे की तीसरी शादी में उसके भाई उमेश पोद्दार, राजेश पोद्दार ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की. लड़की के पिता ने अपने आवेदन में कहा है कि बीते छह अप्रैल को उसकी बेटी खगड़िया गयी थी. लेकिन शाम तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन करने पर कुछ पता नहीं चला. पूछताछ में उमेश पोद्दार द्वारा बाइक पर लड़की को बैठा कर ले जाने का खुलासा हुआ.
दूसरे दिन बादल पोद्दार के साथ शादी कर दिये की जानकारी मिली. तब से लेकर अब तक पुलिस थाना जा जा कर थक गये हैं लेकिन पुलिस कोई एक्शन ही नहीं ले रही है. लिहाजा, बुधवार को मुखिया के नेतृत्व में माड़र में पंचायती कर ग्रामीणों ने इस बाल विवाह के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है.
छह अप्रैल को मेरी नाबालिग बेटी को माड़र दक्षिण पंचायत निवासी राजेश पोद्दार, उमेश पोद्दार ने बहला फुसला कर 60 बरस से अधिक उम्र के बादल पोद्दार के साथ शादी कर दिया है. इस बाल विवाह के खिलाफ शिकायत करने के लिए अब तक मोरकाही थाना, महिला थाना, चित्रगुप्तनगर थाना, मानसी थाना में आवेदन लेकर गये थे लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई करने से इंकार कर दिया. इसके बाद माड़र दक्षिण पंचायत के मुखिया से गुहार लगाने पर बुधवार को पंचायती हुई है. उम्मीद है कि मेरी नाबालिग बेटी अब उस बुजुर्ग बादल पोद्दार के चंगुल से मुक्त हो जायेगी.
