गोगरी : सुपारी किलर मो काबिल को गोगरी पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. बेलदौर थाना क्षेत्र के दिघौन निवासी मो काबिल की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. प्रभारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली के खजुरीखास के चंदूनगर से मो काबिल को धर दबोचा. बुधवार को गोगरी पहुंचे प्रभारी थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि बेलदौर के दिघौन निवासी मो सोहराब आलम बीते 5 सितंबर को पटना से अपने ससुराल गोगरी थाना क्षेत्र के बड़ी बौरना आ रहे थे.
शाम करीब छह बजे उनके मोबाइल नंबर 9386588383 और 8298595144 तथा दूसरे मोबाइल में लगे सिम 8294155595 और 8210649475 नंबर पर 9973587978 से फोन कर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गयी. दूसरी ओर से मो काबिल के साथ साबिल, निसार, हाशिम, नौशाद, साबिर आदि ने बारी-बारी से करीब 30 बार कॉल कर गाली गलौज करते हुए पांच लाख रंगदारी की मांग की. सोहराब को राशि नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गयी.
फोन पर धमकी देने से भयभीत सोहराब आलम के द्वारा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने थाना कांड 405/17 दर्ज करते हुए मामले की तफ्तीश शुरू की तो पता चला कि धमकी देने वाला कोई और नहीं कुख्यात सुपारी किलर मो काबिल है. मोबाइल लोकेशन के आधार पर धमकी देने वाले के दिल्ली में रहने की जानकारी मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम रवाना हुई. जहां से गिरफ्तार सुपारी किलर मो काबिल को लेकर बुधवार को पुलिस गोगरी पहुंची. गिरफ्तार सुपारी किलर ने पूछताछ में पुलिस के समक्ष कई आपराधिक वारदात से जुड़े राज खोला है.
