नगर सभापति ने 21.48 लाख रूपये की लागत से सड़क का किया उद्घाटन

दोनों सड़क निर्माण में 21.48 लाख रुपये खर्च किया गया. ये सड़कें नगर परिषद खगड़िया की विकासात्मक सोच और प्रतिबद्धता का प्रमाण है.

खगड़िया. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 में लंबे समय से प्रतीक्षित दो पीसीसी सड़क निर्माण कार्यों का नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर उदघाटन किया. सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है और क्षेत्र में विकास की नई दिशा दिखाई देने लगी है. नगर सभापति ने संबोधित करते हुए कहा कि वार्ड 32 में पहले सड़क निर्माण कार्य पर 9 लाख 77 हजार 300 रुपये तथा दूसरे सड़क निर्माण कार्य पर 11 लाख 70 हजार 800 रुपये की राशि खर्च की गयी है. दोनों सड़क निर्माण में 21.48 लाख रुपये खर्च किया गया. ये सड़कें नगर परिषद खगड़िया की विकासात्मक सोच और प्रतिबद्धता का प्रमाण है. अब शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है और विकास का लाभ धीरे-धीरे हर वार्ड तक पहुंच रहा है. नगर सभापति ने कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण से वार्ड के विभिन्न हिस्सों में आवागमन की समस्या दूर होने के साथ-साथ जलजमाव और कीचड़ जैसी समस्याएं से भी लोगों को राहत मिलेगी. बताया कि इस क्षेत्र में वर्षों से कच्ची सड़क होने के कारण लोगों को खासकर बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. कीचड़ और जलजमाव के कारण न केवल आम लोगों बल्कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता था. अब पक्की पीसीसी सड़क बनने से इन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में न केवल आवाजाही सुगम होगी, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आयेगा. कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है और जहां भी आवश्यकता है, वहां योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जायेगा. मौके पर वार्ड पार्षद गुलशन कुमार, जिप सदस्य क्षेत्र संख्या 01 रजनीकांत कुमार यादव, संतोष कुमार, सरिता कुमारी, सोनम कुमारी, शिक्षक केडी, रूपेश कुमार, राहुल कुमार, मनीष कुमार, रुपेश कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >