Khagaria Purnea Four Lane: केंद्र सरकार की ओर से खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन का निर्माण कराने की मंजूरी दी गई. इससे उत्तर बिहार में रोड कनेक्टिविटी मजबूत हो सकेगी. खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन परियोजना साल 2028 तक पूरी होने की संभावना है.
इसे लेकर पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. करीब 3936 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-31/231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड का निर्माण बीओटी (टोल) मोड पर किया जायेगा.
फोरलेन के लिए 90 प्रतिशत जमीन उपलब्ध
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के लिए लगभग 90 प्रतिशत जमीन पहले से उपलब्ध है, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. निर्माण पूरा होने का समय ढाई साल निर्धारित किया गया है, जबकि इसके बाद 27.5 सालों तक रखरखाव का प्रावधान रहेगा.
143.53 किलोमीटर लंबी है परियोजना
143.53 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में पूर्णिया में 6.73 किलोमीटर का नया बाईपास बनाया जायेगा. इसके अलावा एक इंटरचेंज, 9 फ्लाइओवर, 29 अंडरपास, तीन फुट ओवरब्रिज, 30 बस-बे और आठ ट्रक ले-बाय का निर्माण प्रस्तावित है. कुरसेला में कोसी नदी पर 1090 मीटर लंबा दो-लेन मेजर ब्रिज सहित कुल पांच मेजर और छह माइनर ब्रिज बनाये जायेंगे.
अधिकारियों ने बताया कि घनी आबादी वाले इलाकों और प्रमुख जंक्शनों को सर्विस रोड से जोड़ा जायेगा. परियोजना में 65 किलोमीटर सर्विस रोड और 101 किलोमीटर स्लिप रोड का प्रावधान किया गया है. हाइवे को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के अनुरूप विकसित किया जायेगा.
पथ निर्माण मंत्री ने क्या कहा?
इस संबंध में पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि सभी घनी आबादी वाले इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले सभी प्रमुख जंक्शनों पर पर्याप्त संख्या में सर्विस रोड और जरुरी यातायात प्रबंधन सुविधाओं का प्रावधान किया गया है. इस सड़क से खगड़िया से पूर्णिया की दूरी ज्यादा से ज्यादा दो घंटे में पूरी होगी.
Also Read: बिहार MLC चुनाव: पवन-निशांत समेत सभी उम्मीदवार आज करेंगे नामांकन, RJD से इस कैंडिडेट की चर्चा
