हसनगंज. प्रखंड स्थित रामपुर पंचायत के दहियारगंज पदमपुर गांव की ओर जाने वाली मुख्य ग्रामीण सड़क पर हल्की बारिश में भी जलजमाव हो जाता है. जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवाजाही दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के आसपास जलनिकासी के लिए नाला नहीं रहने के कारण जल जमाव हो जाता है. जलजमाव से दहियारगंज बस्ती के ग्रामीण मच्छर जनित बीमारियों की आशंका से परेशान हैं. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर जलजमाव होने के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय जाने में भी दिक्कत होती है. ग्रामीणों ने अधिकारियों को जल निकासी हेतु आवश्यक पहल करने की मांग की है. राहगीर मं मो मुस्ताक, मो मजबूल, जुलेखा खातून, राकेश कुमार, मीरा देवी, पूजा देवी, उमेश कुमार आदि ने कहा कि यह समस्या इस जगह पर कई वर्षों बनी हैं. हर साल बरसात के दिनों में समस्या काफी बढ़ जाती हैं. इसकी जानकारी अधिकारों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दिया गया है. इसके बाद भी समस्या का निदान नहीं हो रहा है. बताया कि कीचड़ में फिसलने से अब तक कई लोग चोटिल हो चुके हैं. बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है. जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी दिक्कत होती है. ग्रामीणों का कहना है कि विभाग से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग कई बार की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों ने यह समस्या के निदान हेतु सड़क में नाला व समुचित जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
